• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ एवं एकता शपथ का आयोजन।

Published on: 31 Oct 2026

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में "रन फॉर यूनिटी" (राष्ट्रीय एकता दौड़) तथा राष्ट्रीय एकता शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भारी संख्या में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति गहरी जागरूकता उत्पन्न करना तथा सरदार पटेल के अद्वितीय राष्ट्र निर्माण के योगदान को स्मरण करना था। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय परिसर में "रन फॉर यूनिटी" दौड़ में हिस्सा लेकर पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।

*विविधता में ही भारत की असली शक्ति: कुलपति प्रो. असीम मिगलानी* विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि, "राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता में है। सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श आज भी हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं। युवाओं को एक मजबूत, समृद्ध और एकजुट भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।" कुलपति महोदय ने आगे यह भी जोड़ा कि, "देश की अखंडता की रक्षा के लिए यह आवश्यक है कि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे और आपसी भाईचारे की भावना को निरंतर मजबूत करे। ऐसे आयोजन हमारे भीतर राष्ट्रीय चेतना को और अधिक जीवंत बनाते हैं।"

*राष्ट्रीय एकता प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य: कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह*


विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि, "राष्ट्रीय एकता केवल एक भावना नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को विकसित करते हैं।"

*सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है 'रन फॉर यूनिटी': खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव।*


विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव ने कहा कि, "‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। खेल और सामूहिक गतिविधियाँ युवाओं में अनुशासन, भाईचारा और टीम भावना विकसित करती हैं, जो राष्ट्रीय एकीकरण को और अधिक सशक्त बनाती हैं।"

संकल्प के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को निरंतर सुदृढ़ बनाने हेतु सतत प्रयास करने का दृढ़ संकल्प लिया। संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को शत-शत नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का यह संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।